Popular Posts

धमकी, छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज

सोनौली कोतवाली में जान से मारने की धमकी का केस

समझौता न करने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी का आरोप

सोनौली

पूर्व में धर्मांतरण के प्रकरण में पहले से दर्ज मुकदमे के बीच पीड़िता को दोबारा धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। सोनौली पुलिस ने पीड़िता अंजनी गुप्ता की तहरीर पर गंभीर आपराधिक धमकी के आरोप में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जुगौली निवासी अंजनी गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसके पति शहबान, मुमताज , नसीम उर्फ बबलू, साहिल, लड्डन तथा मौलाना अब्दुल रहमान लगातार उस पर सुलह-समझौते का दबाव बना रहे हैं। पीड़िता के अनुसार लव जिहाद से जुड़े मामले में पूर्व में मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें उसके पति शहबान की गिरफ्तारी भी हुई थी और बाद में वह जमानत पर रिहा हो गया। आरोप है कि जमानत पर बाहर आने के बाद से ही वह और अन्य नामजद आरोपी उसे मुकदमा वापस लेने व समझौता करने के लिए धमका रहे हैं।
तहरीर में यह भी कहा गया है कि शहबान द्वारा इंस्टाग्राम के माध्यम से धमकी दी गई, जबकि अन्य आरोपितों ने कहा कि यदि समझौता नहीं किया गया तो उसे जान से मारकर फेंक दिया जाएगा। पीड़िता ने स्वयं को भयभीत बताते हुए पुलिस से जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की उस धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है, जो गंभीर आपराधिक धमकी से संबंधित है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *