1
1
गोरखपुर के आनंदोक हॉस्पिटल में लापरवाही के बाद हुई अभिषेक ममद्देशिया निवासी पीपगंज की मौत ने लोगों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है। घटना के विरोध में सोनौली की जनता सड़कों पर उतर आई और कैंडल मार्च निकालकर न्याय की मांग की।
कैंडल जुलूस में बड़ी संख्या में सोनौली के स्थानीय नागरिक, युवा और व्यापारी शामिल हुए। इस दौरान प्रेम जैसवाल, बैजू यादव, संजीव जैसवाल, रवि वर्मा, राजू गुप्ता समेत अन्य लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी के हाथों में मोमबत्तियां थीं और “न्याय दो—दोषियों को सजा दो” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। लोगों का कहना है कि अस्पताल की लापरवाही के कारण एक युवा की जान चली गई, जिसे किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
“दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी हो”
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि इस मामले में जिम्मेदार डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
परिजनों को न्याय दिलाने की मांग
कैंडल मार्च के दौरान लोगों ने अभिषेक मधेशिया के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि यह सिर्फ एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का मुद्दा है। अगर ऐसी लापरवाही पर रोक नहीं लगी, तो भविष्य में और भी जिंदगियां खतरे में पड़ सकती हैं।