Popular Posts

Gorakhpur murder news: गोरखपुर में पूर्व पार्षद की हत्या

पूर्व पार्षद की मॉर्निंग वॉक के दौरान हत्या, जान बचाने 100 मीटर तक भागे, हत्यारों ने पकड़कर चाकू मारे गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राजकुमार अपनी जान बचाने के लिए करीब 100 मीटर तक भागे, लेकिन बेरहम हत्यारों ने पीछा नहीं छोड़ा. बदमाशों ने उन्हें दोबारा पकड़कर हमला किया.

यूपी के गोरखपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. मंगलवार सुबह एक पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की बदमाशों ने हत्या कर दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान हमेशा की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. इसी दौरान घात लगाकर बैठे चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. हमलावरों ने उनके सिर और सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए.

100 मीटर तक जान बचाने भागे राजकुमार

चश्मदीदों के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राजकुमार अपनी जान बचाने के लिए करीब 100 मीटर तक भागे, लेकिन बेरहम हत्यारों ने पीछा नहीं छोड़ा. बदमाशों ने उन्हें दोबारा पकड़कर हमला किया. बताया जा रहा है कि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद तब तक मौके पर ही रुके रहे, जब तक उन्हें राजकुमार की मौत का यकीन नहीं हो गया. इसके बाद वे अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गए. मामले में अब तक 7 लोगों को हिरासत में लिया है.

गोली मारने का भी दावा, मौके पर मिले खोखे

शुरुआती जानकारी में केवल चाकूबाजी की बात सामने आई थी, लेकिन परिजन ने आरोप लगाया है कि राजकुमार चौहान को चाकू मारने के साथ-साथ गोली भी मारी गई है. घटनास्थल पर पुलिस को कारतूस के खोखे भी बरामद हुए हैं, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे. घटना के तुरंत बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस का एक्शन: 7 लोग हिरासत में

वारदात के तुरंत बाद एडीजी और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 7 संदिग्धों को हिरासत में लिया है. एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया, “मामले में 7 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जांच में सामने आया है कि साल 2023 में भी एक व्यक्ति के साथ इनका विवाद हुआ था, जिसे भी जांच के दायरे में रखा गया है. जल्द ही घटना का पूरी तरह खुलासा कर दिया जाएगा.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *