1
1
10 घंटे चली छापेमारी, कम्प्यूटर व अहम दस्तावेज सीज
जीएसटी चोरी व फर्जी रिफंड के बड़े मामले की जांच
बीते वर्ष भी नौतनवा-सोनौली में हो चुकी है कार्रवाई
सोनौली
भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र सोनौली में सोमवार को डायरेक्टर जनरल आफ जीएसटी इंटेलिजेंस लखनऊ की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रांसपोर्ट कार्यालय पर छापेमारी की। टीम ने करीब दस घंटे तक चली जांच के बाद एक युवक को हिरासत में लेकर कम्प्यूटर सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज सीज कर अपने साथ ले गई।
सोमवार की सुबह करीब नौ बजे सर्च वारंट लेकर एसआईओ के.एम. यादव के नेतृत्व में टीम सोनौली पहुंची। यहां स्थित ट्रांसपोर्ट ‘देवकीनंदन’ कार्यालय पर छानबीन की गई। प्रारंभिक जांच के दौरान संबंधित व्यक्ति के नहीं मिलने पर टीम नौतनवा स्थित उसके आवास पर पहुंची और ट्रांसपोर्ट संचालक बंटी सिंह को हिरासत में लेकर पुनः सोनौली कार्यालय आई। दिनभर चली गहन जांच के दौरान कार्यालय में रखे कम्प्यूटर, हार्ड डिस्क तथा अन्य वित्तीय अभिलेखों को सीज किया गया। शाम करीब सात बजे टीम दस्तावेजों और हिरासत में लिए गए युवक को अपने साथ लेकर रवाना हो गई।
यह कार्रवाई जीएसटी चोरी और फर्जी रिफंड से जुड़े बड़े मामले में की गई है। जांच में कई पार्टियों के जीएसटी खातों में कथित हेराफेरी की बात सामने आ रही है। हालांकि अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर इस संबंध में कोई बयान देने से इंकार किया। फिलहाल टीम द्वारा जब्त दस्तावेजों की जांच के बाद ही पूरे प्रकरण का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।